Cattle shed management, Livelihood Development, NRLM, self help groups, SHG, Uncategorized, Vocal for local

गाँधी जयंती और ग्रामीण विकास में सहभागिता

विकास खंड संसाधन केंद्र चौबेपुर में गाँधी जयंती का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर विकास खंड चौबेपुर के स्वयं सहायता समूहों के साथ संकुल स्तरीय संघों की महिलाओं ने सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। महिलाओं के साथ साथ विकास खंड के विभिन्न कर्मयोगी अधिकारियों ने अपनी मार्गदर्शक भूमिका में सहयोग किया। एडीओ पंचायत ने सहभागिता के लिए विशेष मार्गदर्शन करते हुए ग्रामीण विकास में सहभागिता की आवश्यकता को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत विकास कार्यक्रम की कार्ययोजना के विषय में ग्राम सभा की भागीदारी का विस्तार से उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने पंचायत की कार्ययोजना के क्रियान्वयन में ई ग्रामस्वराज पोर्टल की भूमिका की जानकारी दी। एडीओ पंचायत के साथ ही साथ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक मिशन मैनेजर ने विभिन्न समूहों की महिलाओं को संबोधित किया योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही परेशानियों की जानकारी हासिल की और समाधान का प्रयास भी किया। कार्यक्रम के आयोजन में कृषि विभाग, सेवा संकल्प अभियान, मिशन शक्ति, सेवा सेतु अभियान तथा बेसिक शिक्षा विभाग समेत विभिन्न अन्य कार्यालयों के अधिकारियों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। मिशन शक्ति ने प्रदर्शनी लगाकर महिलाओं के सुरक्षा के लिए जागरूकता का कार्य किया। महिलाओं द्वारा बनाई गई रंगोली, वित्तीय साक्षरता केंद्र और सेवा सेतु अभियान की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण के केंद्र रहे। बेसिक शिक्षा विभाग के राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता अध्यापक श्री राजन लाल ने आयोजित मंच के माध्यम से अपनी बनाई शिक्षा कृतियों का प्रदर्शन किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को अंक तुला गणित चार्ट और भूगोल के मॉडल्स का प्रदर्शन करते हुए सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे गुणात्मक सुधार की जानकारी दी। गोधन एवं सामाजिक उद्यमी राकेश मिश्र ने ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी के बीच स्वयं सहायता समूहों को पशुधन संबंधित कार्यों से जुड़कर आजीविका के अवसरों की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में उपस्थित सीएलएफ प्रतिनिधियों को समझौता ज्ञापन की जानकारी दी गई। साथ ही समझौता ज्ञापन की प्रति भी उपलब्ध कराई गई।
नमामि गंगे जैविक खेती कार्यक्रम और परंपरागत कृषि विकास कार्यक्रम से जुड़ी विदुषी सामाजिक कार्यकर्ता रोजी रानी ने महिलाओं को कृषि उद्यम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *